कर्णप्रयाग। आधार कार्ड में हुई अशुद्धियों को दूर करने के लिए ग्रामीण चक्कर काटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सुधारीकरण के नाम पर आधार कार्ड बना रही संस्था ग्रामीणों को कई दिनों तक चक्कर कटवा रही है।
यहां उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा में किसी संस्था की ओर से आधार कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है, लेकिन कार्ड में अशुद्धियों को दूर नहीं किया जा रहा है। यहां आधार कार्ड में सुधारीकरण करने पहुंचे विनोद का कहना है कि एक सप्ताह से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आज तक उनका नंबर नहीं आया। दशोली से यहां पहुंचे नरेंद्र का कहना है कि कार्ड में सुधारीकरण के लिए एक हफ्ते बाद का समय दिया जा रहा है। इसके बाद भी कार्ड में सुधार नहीं किया जा रहा है। इधर, मामले में एसडीएम जीआर बिनवाल का कहना है कि संबंधित संस्था के कर्मियों से वार्ता कर लोगों को सुविधा दिए जाने के प्रयास किए जाएंगे। ब्यूरो