बदरीनाथ। देश के प्रथम गांव माणा में चल रहे पुष्कर कुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार अभी तक यहां करीब 50 हजार श्रद्धालु सरस्वती व अलकनंदा के संगम केशव प्रयाग में स्नान कर चुके हैं।
बदरीनाथ से करीब तीन किमी आगे माणा गांव में इन दिनों पुष्कर कुंभ के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर दिन दक्षिण भारत के सैकड़ों श्रद्धालु स्नान करने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। पुष्कर कुंभ में स्नान के साथ ही पिंडदान का भी बड़ा धार्मिक महत्व है। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने और पुष्कर कुंभ निर्विघ्न संपन्न कराने में पुलिस और सुरक्षा बल मुस्तैदी से डटे हैं। इसके अलावा पुलिस व आईटीबीपी के जवान संकरे रास्तों पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं को संगम तक जाने और आने में मदद कर रहे हैं। संवाद