देवाल। ब्लॉक के ग्राम पंचायत सूया स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट 18 मई बैसाख माह की बुध पूर्णिमा को सुबह 10.30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ खोले जाएंगे। सोमवार को लाटू देवता मंदिर समिति सूया के अध्यक्ष खिलाफ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में लाटू देवता मंदिर सूया के कपाटोद्घाटन पर होने वाले एक दिवसीय धार्मिक समारोह को भव्य स्वरूप देने पर चर्चा की गई। इस दौरान पंडित रमेश चंद्र कुनियाल ने गणेश और पंचांग पूजा कर मंदिर के कपाटोद्घाटन की तिथि निकाली। 18 मई सुबह 10.30 बजे कपाट खुलेंगे और इसी दिन शाम पांच बजे कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान हीरा राम, सरपंच यशोदा देवी, मेहरबान सिंह, उप प्रधान बलवंत सिंह, खड़क सिंह, बीर सिंह, कमला देवी, भुवन सिंह, बलवंत सिंह, सोवन सिंह, इंद्र सिंह आदि मौजूद थे।