गोपेश्वर। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को जिला योजना में अवमुक्त धनराशि को 20 मार्च तक शत-प्रतिशत व्यय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियत तिथि तक बजट खर्च न करने पर इसे विभागीय अधिकारी की घोर लापरवाही मानकर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। बैठक में लोनिवि के अधीक्षण अभियंता के न पहुंचने पर डीएम ने उन्हें नोटिस भेजने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जिला योजना के कार्यों की समीक्षा की। विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, राजकीय सिंचाई, जल संस्थान और वन विभाग की ओर से फरवरी तक सिर्फ 55 फीसदी बजट व्यय करने पर डीएम ने नाराजगी जताई। लोनिवि की जिला योजना में सबसे खराब स्थिति को देखते हुए और लोनिवि के अधीक्षण अभियंता के बैठक में न होने पर डीएम ने उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर विकास कार्यों को धरातल पर शीघ्र पूरा करने के निर्देेश दिए। डीएम ने कहा कि इस जिला योजना में जिन विभागों की खराब प्रगति रही है, अगली जिला योजना में उन सभी विभागों का बजट भी कम किया जाएगा। उन्होंने कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य और रेशम विभाग को ज्यादा से ज्यादा काश्तकारों को फायदा देने वाली विकास योजनाओं के प्रस्तावों को आगामी जिला योजना में शामिल करने को कहा। डीएम ने पर्यटन विभाग को बेनीताल, टिम्मरसैंण, अनसूया मंदिर, पंचबद्री धामों के विकास के लिए अच्छे प्रस्ताव तैयार करने को कहा। शिक्षा विभाग को गुणवत्तापरक शिक्षा, स्कूलों के सौंदर्यीकरण, विद्युत सेवा के प्रस्ताव जिला योजना में अनुमोदन के लिए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ हंसादत्त पांडे, केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर, परियोजना अधिकारी प्रकाश रावत, जिला विकास अधिकारी एसके रॉय के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।