चमोली-ऊखीमठ मोटर मार्ग स्थित तृतीय केदार तुंगनाथ के दर्शनों के लिए भी इस बार तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। तुंगनाथ धाम के कपाट विगत 11 मई को खुले थे। एक माह में यहां 3700 तीर्थयात्री मत्था टेकने पहुंचे हैं। आपदा से पूर्व तक यहां एक माह के अंतराल में करीब पंद्रह सौ तीर्थयात्री ही आते थे।
केदारनाथ दर्शन के बाद अधिकांश तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा के लिए इसी मार्ग का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। गाजियाबाद से तुंगनाथ की तीर्थयात्रा पर पहुंचे वीरेंद्र, सरिता और अक्कू का कहना है कि चोपता से तुंगनाथ तक की दूरी उन्होंने पैदल ही नापी।
तीर्थयात्रा के साथ ही प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ भी उन्होंने उठाया है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारी प्रकाश पुरोहित का कहना है कि आपदा के बाद से पहली बार तुंगनाथ मंदिर में आस्था उमड़ कर आ रही है। तीर्थयात्री यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का भी लुत्फ उठा रहे हैं। ब्यूरो