पुलिस सत्यापन के बाद मिलेगी धाम में रहने की अनुमति
पूर्व में अतिक्रमण के मामले सामने आने पर प्रशासन बरत रहा सतर्कता
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। भू-बैकुंठ धाम बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब धाम में तपस्या करने के इच्छुक साधु-संतों ने प्रशासन से अनुमति मांगी है। इस वर्ष अब तक 25 साधुओं ने धाम में रहने के लिए आवेदन किया है। पुलिस सत्यापन के बाद ही उन्हें बदरीनाथ में निवास की अनुमति दी जाएगी।
कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ धाम में प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति के रहने पर प्रतिबंध है। शीतकाल में यहां सुरक्षा की दृष्टि से आईटीबीपी के जवान और बीकेटीसी के कर्मचारी ही मौजूद रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शीतकाल में मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना सहित अन्य दायित्वों पर देवताओं का आधिपत्य रहता है। उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि तपस्या करने के लिए अब तक 25 साधुओं के आवेदन मिले हैं। पुलिस से सत्यापन कराने के बाद ही उन्हें धाम में रहने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में कुछ साधुओं को अनुमति दिए जाने के बाद धाम में अतिक्रमण के मामले भी सामने आए थे। इसे देखते हुए अब प्रशासन पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही अनुमति दे रहा है। शीतकाल में बदरीनाथ धाम चारों ओर से बर्फ से ढक जाता है। ऐसे में साधु-संत यहां अपनी कुटिया और गुफाओं में रहकर तपस्या करते हैं।
इंसेट
बर्फीले मौसम में रहने के अभ्यस्त होते हैं साधु
बदरीनाथ धाम में शीतकाल के दौरान कड़ाके की ठंड पड़ती है और कई फीट तक बर्फ जम जाती है। यहां का तापमान माइनस में चले जाता है। इसके बावजूद तपस्या करने वाले साधु-संत यहां कठिन परिस्थितियों में रहते हैं। बीते वर्ष धाम में तपस्या करने वाले एक साधु ने बताया कि वे बर्फ से ढकी पगडंडियों से होकर तप्तकुंड पहुंचते हैं और नियमित स्नान व पूजा-पाठ के बाद साधना में लीन रहते हैं।