क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। पीएचसी देवाल के प्रभारी डॉ. शहजाद अली ने बताया कि शनिवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार देवाल के गांवों ओडर में चार, घेस में चार, जैनबिष्ट में दो व चौड़ गांव में 12 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है और उन्हें दवाइयां भेजी जा रही हैं। उन्होंने लोगों से कोविड की गाइडलाइन के तहत मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा।
कोविड अस्पताल में कोरोना संदिग्ध की मौत
श्रीनगर। कोविड अस्पताल में पिछले 24 घंटे में एक कोरोना संदिग्ध की मौत हुई। वहीं, अस्पताल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी गिरावट आ रही है। यहां 51 कोरोना संक्रमितों और 6 संदिग्ध संक्रमित का उपचार चल रहा है। कोविड अस्पताल के पीआरओ अरुण बडोनी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उच्छाढुंगी निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की 28 मई को कोविड सस्पेक्टेड आईसीयू में मृत्यु हुई है। वह 23 मई को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग से रेफर होकर यहां आया था।