जोशीमठ। पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन किए और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों से तीर्थयात्रा संचालन के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने जोशीमठ नृसिंह मंदिर और औली में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भी मत्था टेका।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती बृहस्पतिवार को देर शाम बदरीनाथ धाम पहुंची। उन्होंने शुक्रवार को प्रात: पांच बजे बदरीनाथ धाम के दर्शन कर पूजा अर्चना की। वे सुबह नौ बजे जोशीमठ पहुंची और यहां नृसिंह जयंती पर नृसिंह मंदिर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिभाग किया। उन्होंने करीब पंद्रह मिनट तक यहां पूजा अर्चना में प्रतिभाग किया। वे अपराह्न दो बजे वाहन से औली में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर भी पहुंची। यहां मत्था टेकने के बाद वे रात्रि विश्राम के लिए जोशीमठ स्थित एनटीपीसी के गेस्ट हाउस में ठहरी हुई हैं। ब्यूरो