विधानसभा चुनाव 2017 को देखते हुए गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व सांसद और भाजपा केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सतपाल महाराज ताबड़तोड़ जनसभाएं करेंगे। 20 अगस्त को गोपेश्वर से शुरू होने वाली जनसभाएं 23 अगस्त को रामगनर में खत्म होंगी, जिसके लिए भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।
भाजपा जिला महामंत्री पंकज डिमरी और ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी ने बताया कि 20 अगस्त को महाराज शाम पांच बजे गोपेश्वर बस स्टेंड पर जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि 21 को कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में पर्दाफाश रैली के तहत जनसभाएं होंगी।
22 को पौड़ी और 23 को रामनगर में रैली का समापन होगा। जिसकी तैयारियों के लिए 16 अगस्त को गैरसैंण मंडल में और 17 अगस्त को कर्णप्रयाग नगर, ग्रामीण मंडल सहित चांदपुर गढ़ी और गौचर मंडल के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों की बैठक कर तैयारियों को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। यही नहीं 15 अगस्त को भाजपा युवा मोर्चा जरा याद करो कुर्बानी कार्यक्रम के तहत गोपेश्वर से जोशीमठ और कर्णप्रयाग से गैरसैंण तक मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी।
रैली सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
गोपेश्वर। भाजपा ग्रामीण मंडल की ओर से शनिवार को जोशीमठ में हुई बैठक में पार्टी के जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बात कही।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 20 अगस्त को गोपेश्वर में होने वाली पार्टी की पर्दाफाश रैली को सफल बनाने के लिए ग्रामीण कार्यकर्ताओं को भी सूचना देने के निर्देश दिए। बैठक में पार्टी प्रदेश सचिव महेंद्र भट्ट , भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष रामकृष्ण रावत, अनुसूया प्रसाद भट्ट, ऋषि प्रसाद सती, नवल भट्ट, दिगम्बर सिंह, सुचिता पंवार, गोविंद पंवार, अमित सती और मुकेश डिमरी आदि मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष किशोर पंवार ने की।