श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर गोपेश्वर के एमएससी वनस्पति विज्ञान के चतुर्थ सेमेस्टर के 20 छात्र-छात्राएं सीड पैथोलॉजी विषय में फेल हो गए। छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विवि के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा। कहा कि सीड पैथोलॉजी विषय में फेल छात्र-छात्राओं के अन्य विषयों में अच्छे नंबर आए हैं। उन्होंने संशोधित परीक्षा परिणाम जारी कराने की मांग की।
सुमित कुमार, मंजू, अर्चना, कंचन, सुष्मिता, आरती, दीपक, सीमा, तनुजा, मेघा, प्रियंका, रोशनी आदि ने आरोप लगाया कि सीड पैथोलॉजी विषय में 23 छात्र-छात्राएं हैं जिसमें 20 को फेल किया गया है। कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से प्रवक्ता पदों की विज्ञप्ति जारी की गई है, लेकिन विवि की त्रुटि के चलते वह इसके लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि प्रश्नपत्र में कई प्रश्न त्रुटिपूर्ण भी थे, किसी में भाषा स्पष्ट नहीं थी तो किसी में शाब्दिक गलतियां थीं। प्रश्नपत्र 40 वैकल्पिक प्रश्नों का था। इंटरनेट से जांचने के पर उनके और विवि के परिणाम में काफी अंतर है। उन्होंने प्रवक्ता पदों की के आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर से पहले संशोधित परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग की।