कर्णप्रयाग। चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को वाहनों की कमी न हो इसके लिए चमोली परिवहन विभाग ने उत्तराखंड राज्य परिवहन निगम, जीएमओयूलि और टैक्सी-मैक्सी संचालकों के साथ मिलकर वाहन सुविधाएं बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत परिवहन निगम हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य डिपो से यात्रा मार्गों पर 20 अतिरिक्त बसें चलाएगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आनंद जायसवाल ने कर्णप्रयाग, चमोली और ज्योतिर्मठ में वाहन संचालकों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने सभी संचालकों को मानकों के अनुरूप उचित किराये पर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इस पर जीएमओयूलि के प्रभारी सुरजीत सिंह और टैक्सी यूनियनों ने अपनी सहमति दी है। इस पहल से श्री बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, तुंगनाथ, रुद्रनाथ, अनसूया देवी, भविष्य बदरी और औली जाने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। संवाद