कर्णप्रयाग। तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की अनियमित आपूर्ति से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को पानी लाने के लिए मीलों दूर जाना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।
बसक्वाली, रतूड़ा, खंडूड़ा, सिनखाल, कॉलेश्वर, सिरोली आदि के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में काफी कम पानी आ रहा है, जिससे लोगों को प्राकृतिक स्रोत और कुओं से पानी भरना पड़ रहा है। बीरेंद्र भंडारी, भरत प्रसाद, रमेश सती, नीरज पंत, हर्षवर्द्धन चमोली और मलक नेगी ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पेयजल की समस्या दूर नहीं हुई। पालतू पशुओं को भी साफ पानी नहीं पिला पा रहे हैं, इससे दुग्ध व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है। टटासू, विद्यापीठ, न्यू डिम्मर, झूलापुल के लोगों ने कहा कि असामाजिक तत्व पेयजल लाइन को बार-बार खराब कर रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत करने और वाटर फिल्टर लगाकर शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की मांग की।