गोपेश्वर। चारधाम यात्रा को देेखते हुए मंगलवार से बदरीनाथ हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य के तहत हिल कटिंग कार्य थम गया है। हाईवे पर अब हिल साइड दीवार और पुश्ता निर्माण कार्य होना बाकी है और हाईवे किनारे जमा मलबे का निस्तारण भी किया जाना है। यात्रा शुरू होने में अब सिर्फ एक सप्ताह का समय शेष है और बदरीनाथ हाईवे गौचर से हेलंग तक ऑलवेदर कार्य से अस्त-व्यस्त पड़ा है। अब एनएचआईडीसीएल के सामने हाईवे को यात्रा शुरू होने से पहले दुरुस्त रखने की चुनौती है।
चटवापीपल, कालेश्वर, लंगासू, भकुंडा, देवलीबगड़, सोनला, नंदप्रयाग, पुरसाड़ी, मैठाणा, बाजपुर, चमोली चाड़ा, क्षेत्रपाल, भीमतला, गडोरा, पीपलकोटी, पाखी, पातालगंगा और हेलंग में हाईवे पर हिल कटिंग कार्य आधा-अधूरा ही पड़ा है। हाईवे पर डामरीकरण कार्य कहीं भी शुरू नहीं हुआ है, जिससे वाहनों की आवाजाही से धूल के गुब्बार उठ रहे हैं। यात्रा से पहले हाईवे नहीं सुधारा गया तो यात्रियों को जगह-जगह धूल का सामना करना पड़ सकता है। एनएचआईडीसीएल के सहायक अभियंता अंकित शर्मा का कहना है कि यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा। जिन जगहों पर वाहनों के गुजरने से धूल उड़ रही है, वहां पानी का छिड़काव किया जाएगा।