थराली। तहसील के आठ गांवों के चार हजार से अधिक आबादी की लाइफ लाइन नंदकेशरी-जौला मोटर मार्ग खस्ताहाल बना है। ग्राम प्रधान कल्याणी सुरेशानंद जोशी, सेरा की विमला देवी, राजेंद्र सिंह गड़िया, विजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह आदि ने बताया कि बदहाल मार्ग पर ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा जल्द मार्ग दुरुस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। उधर पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रमोद गंगाड़ी ने बताया कि नंदकेशरी-जौला मोटर मार्ग के सुधारीकरण का आगणन बनाकर शासन को भेजा गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।