कर्णप्रयाग। राजकीय नंदासैंण के छात्र धीरज रावत ने क्रिकेट प्रतियोगिता स्कूल इंडिया कप में बेहतर प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम की ओर से कप जीतने के बाद नंदासैंण पहुंचे धीरज का स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि धीरज ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल के साथ ही क्षेत्र का मान भी बढ़ाया है।
राजकीय इंटर कालेेज नंदासैंण में नवीं कक्षा में पढ़ने वाले धीरज राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंडर-16 वर्ग की स्कूल इंडिया कप में उत्तराखंड की टीम में शामिल थे। धीरज के कोच और स्कूल के व्यायाम शिक्षक सुरक्षित भंडारी बताते हैं सेमीफाइनल में धीरज रावत के 73 रनों की पारी के बदौलत उत्तराखंड ने फाइनल में जगह बनाई। नौ फरवरी को खेले गए फाइनल मुकाबले में धीरज ने शानदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर मोहन सिंह भंडारी, हरेंद्र सिंह चौधरी, त्रिलोक सिंह खत्री, प्रधानाचार्य मदन मोहन सेमवाल, मनमोहन देवली, गिरीश देवली आदि मौजूद थे।