देवाल। ब्लॉक की खेता-गुगलेश्वर दो किमी मार्ग निर्माण के लिए शासन से 127.80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। पिंडारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दर्शन दानू ने बताया कि संयुक्त सचिव एसएस मार्तोलिया की ओर से सड़क निर्माण के लिए 127.80 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का पत्र लोनिवि के प्रमुख अभियंता को मिला है। इस मोटर मार्ग के निर्माण से ग्राम पंचायत मानमती के डेढ़ हजार से अधिक ग्रामीणों को सड़क सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने मोटर मार्ग के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के लिए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह का आभार जताया है।