देवाल। छुट्टी पर घर आए एक आईटीबीपी के जवान की हार्टअटैक से मौत हो गई। रविवार को जवान का अंतिम संस्कार सम्मान के साथ पैतृक घाट पर किया गया।
ब्लाक के अट्ठू ग्राम पंचायत निवासी नरेंद्र मिश्रा आईटीबीपी जोशीमठ में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। एक सप्ताह पहले ही नरेंद्र मिश्रा छुट्टी पर घर आए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को नरेंद्र के सीने में अचानक दर्द हुआ, जब तक परिजन कुछ समझ पाते तब तक नरेंद्र ने दम तोड़ दिया। रविवार को पिंडर और कैल नदी के संगम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान गौचर आईटीबीपी के जवानों ने उन्हें सलामी दी और नरेंद्र के पुत्र प्रमोद ने उन्हें मुखाग्नि दी। नरेंद्र अपने पीछे मां, पत्नी के साथ तीन बच्चे छोड़ गए। नरेंद्र की मौत पर कपूर मिश्रा, उमेश मिश्रा, चंद्रकांत मिश्रा, भैरव दत्त, हरीश चंद्र, पवन चंद्र, कैलाश चंद्र और दुर्गा दत्त आदि ने शोक जताया।