त्रिकोट गांव में एक अंतिम संस्कार में शामिल हुए एक ही परिवार के 18 लोग कोरोना संक्रमित हो गए। अंतिम संस्कार में शामिल कुछ लोग तो लौट गए जबकि त्रिकोट निवासी सभी संक्रमतों को आइसोलेट कर दिया गया है।
त्रिकोट गांव निवासी के एक बुजुर्ग की नैनीताल में मौत हो गई थी। परिजन उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए त्रिकोट गांव लेकर आए थे। कुछ दिन बाद एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुआ। उसके बाद सभी परिजनों के सैंपल लिए गए, जिसमें एक ही परिवार के 18 लोग संक्रमित मिले। उनमें से कुछ लोग अंतिम संस्कार के दूसरे दिन ही नैनीताल चले गए थे। जो लोग त्रिकोट गांव में हैं उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएचसी थराली की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पूनम टम्टा ने बताया कि आरटीपीसीआर टेस्ट में त्रिकोट गांव में एक ही परिवार के 18 लोग कोराना संक्रमित मिले हैं। वहीं ग्वालदम में भी एसएसबी के 5 जवान संक्रमित मिले जबकि पांच दिन पहले भी ग्वालदम में एसएसबी के 17 जवान कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं सीएचसी थराली में रैपिड एंटीजन टेस्ट में 5 लोग कोरोना संक्रमित मिले। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा है। वहीं ग्वालदम से 40 सैंपल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेजे गए हैं। संवाद