गोपेश्वर। औली में नेशनल अल्पाइन स्कीइंग और स्नो बोर्डिंग चैंपियनशिप के आयोजन के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है। औली में 26 से 28 फरवरी तक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए डीएम स्वाति एस भदौरिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और 24 फरवरी तक औली में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में सेना, आईटीबीपी, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और उत्तराखंड की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रत्येक टीम से 25-25 खिलाड़ी औली पहुंच रहे हैं। डीएम ने प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 24 फरवरी तक औली में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। औली में लगातार हो रही बर्फबारी को देखते हुए जोशीमठ-औली मोटर मार्ग पर बर्फ हटाने के लिए पर्याप्त मैनपावर के साथ ही आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश लोनिवि के अधिकारियों को दिए। डीएम ने पुलिस प्रशासन को गेम्स के दौरान औली में वाहन पार्किंग के लिए स्थल निर्धारित करने, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, औली व जोशीमठ में सेना हेलीपैड में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, जल निगम व जल संस्थान को जीएमवीएन व पर्यटक आवास गृह के साथ ही औली के सभी होटलों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, औली में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां, चिकित्सक, संचार सेवा, अलाव और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने आदि के निर्देश दिए गए। जीएमवीएन के अधिकारियों को औली में स्नो स्कूटर, एवरेस्ट प्रिनोथ स्नो ग्रूमर, स्की स्नो ग्रूमर, स्नोवीटर, स्की लिफ्ट, पोमा स्की लिफ्ट और चेयर लिफ्ट को सही स्थिति में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी वृजेंद्र पांडेय, अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया, एसडीएम योगेंद्र सिंह, जल संस्थान के ईई प्रवीन सैनी, लोनिवि के ईई डीएस रावत, जीएमवीएन के मैनेजर कमल किशोर डिमरी और नीरज उनियाल आदि मौजूद थे।