स्कूटनी के बाद 10 जुलाई से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली जिले में होमगार्ड्स के 31 पदों पर भर्ती के लिए 1610 युवाओं ने आवेदन किया है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय में आवेदनों की स्कूटनी की जा रही है। इसके बाद 10 जुलाई से भर्ती की अन्य प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी।
चमोली जिले में होमगार्ड्स के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 10 जून से 30 जून तक आवेदन किए गए। जिले में रिक्त कुल 31 होमगार्ड्स के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। प्रभारी जिला कमांडेंट होमगार्ड्स दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि अंतिम तिथि तक 1610 आवेदन प्राप्त किए गए। इन आवेदनों की नौ जुलाई तक स्कूटनी की जाएगी और जिन अभ्यर्थियों के आवेदन सही पाए जाएंगे उनकी भर्ती प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू होगी। इसमें शारीरिक नाप-जोख, शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।