गोपेश्वर। विकास खंड का सुदूरवर्ती गांव बूरा आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। आठ किलोमीटर सलगाड़-तांगला-बूरा सड़क का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया है। जिससे ग्रामीणों को यातायात का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण अपने गंतव्य तक जाने के लिए करीब सात किलोमीटर की पैदल दूरी तय को मजबूर हैं।
अंबेडकर गांव बूरा में मौजूदा समय में 156 परिवार निवास करते हैं। वर्ष 2006 में 8.5 किमी सलगाड़-तांगला-बूरा सड़क को शासन से स्वीकृति मिली थी। वन भूमि और बजट स्वीकृत होने के बाद वर्ष 2011 में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन आज तक सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है।
ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल, भगवती प्रसाद मैंदोली और नवीन का कहना है कि बीते जून माह में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने की मांग पर कलक्ट्रेट मुख्यालय पर आंदोलन भी किया गया, लेकिन आज तक सड़क की स्थिति नहीं सुधरी। हिल कटिंग कर लोनिवि ने अपने हाल पर छोड़ दी है। लंबे समय से सड़क पर स्क्रबर और पुलिया निर्माण भी रुका हुआ है। संरक्षण के अभाव में सलबगड़ में पुलिया भी जीर्णशीर्ण होने लगी है। इधर, लोनिवि कर्णप्रयाग के ईई अशोक कुमार नैथानी का कहना है कि शासन से सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए छह करोड़ रुपये की मांग की गई है। बजट प्राप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।