नारायणबगड़। ब्लॉक के नंदाधाम अन्नपूर्णा मठ पैतोली (डुंग्री) में 6 से 10 जुलाई तक होने वाले पांच दिवसीय नंदादेवी अठवाड़ कौथिग की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन समिति के संयोजक वीरेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि पैतोली (डुंग्री) में क्षेत्र के 10 ग्राम पंचायतों की ओर से कौथिग का आयोजन किया जाता है। कौथिग के पहले दिन मां नागिनी देवी और भूमियाल देवता की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान लोक जागर मंच की ओर से मां नंदा देवी की लोक कथा और जागरों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।