गोपेश्वर। पर्यटन स्थल चोपता क्षेत्र में हक-हकूकधारियों के टेंट रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से हटाने के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। इस दौरान जिला योजना की बैठक लेने कलक्ट्रेट पहुंचे प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन भी सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि तुंगनाथ, चोपता, बनियाकुंड, पोथीबासा और देवरियाताल क्षेत्र में ग्राम पंचायत मक्कू, हुड्डू, ऊषाड़ा, पाब-जगपुड़ा, परकंडी क्षेत्र के ग्रामीणों की कब्जे की भूमि है। ग्रामीण लंबे समय से यहां रोजगार कर रहे हैं, लेकिन रुद्रप्रयाग प्रशासन की ओर से ग्रामीणों के टेंट को उखाड़ा जा रहा है और रोजगार करने नहीं दिया जा रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि विधानसभा में भी बुधवार को यह मुद्दा उठा था। इस संबंध में विधिक सहायता लेकर ग्रामीणों को हक दिलाया जाएगा। इस मौके पर उक्रांद के जिलाध्यक्ष अब्बल सिंह भंडारी, बच्चीराम उनियाल, सत्यप्रकाश सती, सुबोध मैठाणी, भक्त सिंह कुंवर, केएल शाह, चरण सिंह, गोविंद सिंह, महिपाल सिंह आदि मौजूद थे।