पोखरी। सात किलोमीटर पोखरी-नखोलियाणा-खड़की-चोपड़ा मार्ग का निर्माण शुरू न होने से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मंगलवार को लोनिवि कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि दो-दो मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बावजूद आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को अपने गांवों तक जाने के लिए पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। उन्होंने शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत के नेतृत्व में नखोलियाणा, खड़की और चोपड़ा के ग्रामीण जुलूस की शक्ल में लोनिवि कार्यालय के परिसर में पहुंचे और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसके बाद यहां हुई सभा में आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2014 में तत्कालीन सीएम हरीश रावत और मौजूदा सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सड़क निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में नखोलियाणा, खड़की और चोपड़ा के ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए सात किमी की दूरी पैदल नापनी पड़ रही है। ग्रामीणों को अपने रोजमर्रा के सामान को पीठ पर लाद कर ले जाना पड़ रहा है। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने ग्रामीणों को दो माह में सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और घरों को लौट गए। वहीं, लोनिवि के ईई सुरेंद्र सिंह मखलोगा ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस मौके पर मयंक वैष्णव, रमेश चौधरी, मयंक पंत, सुरजी देवी, कुंवर सिंह चौधरी, नागेंद्र कोठियाल, मधुसूदन चौधरी, अरविंद वैष्णव, एमपी पंत, प्रदीप चौधरी, पिंकी देवी, सरोजनी देवी, आशा, संजय कुमार, भरत कुमार, विजेश्वरी और मातबर लाल आदि मौजूद थे।
डुंगरी-बिरही मार्ग निर्माण के लिए डीएम को ज्ञापन
गोपेश्वर। दशोली ब्लाक के कौंज पोथनी गांव के ग्रामीणों ने आठ किलोमीटर डुंगरी-बिरही मार्ग के निर्माण की मांग के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा। भोपाल सिंह, मान सिंह, अरविंद और महेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2009 में सड़क को शासन से स्वीकृति मिली थी, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीण लंबी दूरी तक पैदल आवाजाही करने को मजबूर हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने ग्रामीणों को शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया।