श्रीनगर। बंगाल में डॉक्टरों की पिटाई से आक्रोशित राजकीय संयुक्त अस्पताल श्रीनगर के डॉक्टरों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की।
शनिवार को संयुक्त अस्पताल के डॉक्टरों ने हमलों के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने कहा कि देश में डॉक्टरों पर हमले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम जरूरी है। अन्यथा डॉक्टर इलाज नहीं कर पाएंगे। डॉक्टरों ने विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर काम किया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. एसएस चौहान, वरिष्ठ सर्जन लोकेश सलूजा, डा. मंजू राणा, डा. अजय गोयल, डा. गौतम नैथानी व डा. बीपी नैथानी आदि मौजूद थे।
डॉक्टरों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
कर्णप्रयाग। बंगाल के एनआरएस मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के साथ की गई मारपीट के विरोध में सीएचसी कर्णप्रयाग के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने दूसरे दिन भी बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। डॉक्टरों ने केंद्र और राज्य सरकारों से डॉक्टरों को सुरक्षा मुहैया कराने और दोषी लोगों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की। विरोध जताने वालों में सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक बीपी पुरोहित, डा. हरीश थपलियाल, डा. मनोज मिश्रा, डा. बीएस भंडारी, डा. स्नेहा पुरोहित, डा. अनुज सैनी, डा. रजनीश, डा. अनामिका, डा. अनुराधा, डा. सौरभ, चीफ फार्मेसिस्ट सीएस नौटियाल, संजय कुमार और विनय बहुगुणा आदि मौजूद थे।