गोपेश्वर/कर्णप्रयाग। राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन की चमोली जिला इकाई ने सरकार के उच्चीकृत जूनियर हाईस्कूल का माध्यमिक विद्यालयों में एकीकरण किए जाने के फैसले का विरोध किया। संगठन के पदाधिकारियों ने एकीकरण करने की स्थिति में क्रमबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी। कहा कि इस फैसले के विरोध में संगठन 18 जून से देहरादून में आंदोलन करेगा, जिसमें जिले के 300 से अधिक प्रभावित शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
संगठन के जिला अध्यक्ष मनोज शाह का कहना है कि सरकार प्रदेश में कक्षा छह से लेकर आठ तक की कक्षाओं के साथ दोहरी नीति अपना रही है। कुछ विद्यालयों को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत रखा गया है और कुछ को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसका संगठन विरोध करती है। कहा गया कि सरकार को चाहिए की कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों को किसी एक निदेशालय के अंतर्गत संचालित करवाएं। कहा गया कि राज्य में कक्षा 12 तक के विद्यालयों के लिए चार निदेशालय बनाए गए हैं, जो इस राज्य के लिए आर्थिक बोझ है। संगठन एकीकरण का पुरजोर विरोध करेगा।
कर्णप्रयाग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ चमोली के मंत्री सुजान सिंह बुटोला ने सभी ब्लाक के शिक्षकों से धरना-प्रदर्शन में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
श्रीनगर में जूनियर हाईस्कूल (पूमा) शिक्षक संघ पौड़ी के जिला महामंत्री मुकेश काला ने शासनादेश का विरोध किया है।