गैरसैंण। शहीदों के गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर लखेड़ी, अक्षवाड़ा, बासीसेम, गोलतल्ला और भेड़ियाणा गांवों के पांच ग्रामीणों का क्रमिक अनशन शनिवार को भी जारी रहा।
बौखनारा गांव से लखेड़ी, अक्षवाड़ा, बासीसेम, गोलतल्ला तथा भेड़ियाणा गांवों तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार से बुजुर्ग हीरा सिंह, प्रताप राणा, हीरा देवी, सोबन सिंह और पदमा देवी क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बुजुर्ग अनशन पर डटे हैं लेकिन उनकी सुध लेने के लिए प्रशासन गांव में नहीं आया। उनके गांव के लोग तीन दशकों से सड़क की मांग कर रहे हैं। सड़क निर्माण की घोषणा भी हो चुकी है, लेकिन सड़क आज तक नहीं बनी। ऐसे में ग्रामीणों को जरूरत का सामान लेने के लिए भी कई किमी पैदल चलकर बाजार जाना पड़ता है। मांग पूरी होने तक अनशन पर डटे रहेंगे। इस मौके पर बलवंत सिंह, महेंद्र सिंह, दवेंद्र सिंह, हीरा देवी, विमला देवी, नंदी देवी, बचुली देची, सीता देची, सीता, सुला देवी, बसंती देवी, कमला सहित कई लोग अनशन स्थल पर मौजूद रहे।