घाट। ब्लाक के लांखी-कुमणी गांव में एक मकान में आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान घर में कोई नहीं था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
शुक्रवार देर शाम लांखी-कुमाणी गांव निवासी उदय सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने जब घर से धुआं निकलता देखा तो ग्रामीणों के शोर मचाने पर उदय सिंह और उनके परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी भरकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से भवन में रखा लाखों का सामान जल गया। आग से उदय की गोशाला का एक हिस्सा भी जल गया। ग्रामीणों ने गोशाला से मवेशियों को सुरक्षित निकाला। ग्राम प्रधान मुन्नी देवी और जिला पंचायत सदस्य गुड्डू लाल ने मामले में जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत देने की मांग उठाई। इधर, उप राजस्व निरीक्षक मोहन सिंह बिष्ट का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।