पोखरी। आंधी से बिजली के तार टूटने से खदेड़ पट्टी और हापला घाटी के 18 गांवों में बिजली आपूर्ति दो दिनों से ठप पड़ी है। शिकायत के बाद भी निगम गांवों में बिजली बहाल नहीं कर पाया है। ऐसे में गांव की 3000 आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
10 जून को आई आंधी से चांदनीखाल से भिकौना गांव के बीच एक किलोमीटर के दायरे में 66 केवी की बिजली लाइन के तार टूट गए थे। तब से क्षेत्र की करीब 3000 की आबादी को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीण सत्येंद्र सिंह नेगी, रविंद्र भंडारी, हर्षवर्द्धन राणा, राजेश थपलियाल, जीत सिंह नेगी, त्रिलोक नेगी और राजपाल सिंह का कहना है कि क्षेत्र के रडुवा, कांडई, जौरासी, तोणजी, किमोठा, डुंगर, सलना, महड़, गुड़म, मसोली, नैल, नौली, पाटी, जखमाला, श्रीगढ़ सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। शाम होते ही घरों में जाने को मजबूर हैं। मोमबत्ती के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है और गर्मी से बुरा हाल है। उन्होंने शीघ्र क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई। इधर, ऊर्जा निगम के ईई कैलाश कुमार का कहना है कि बिजली के तारों को जोड़ने का कार्य चल रहा है। जल्द ही क्षेत्र में बिजली सुचारु कर दी जाएगी।