आदिबदरी। दस दिन से पोस्ट ऑफिस आदिबदरी में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने से कार्य बाधित हो गए हैं। उपभोक्ताओं ने कहा यदि जल्द दूरसंचार विभाग की ओर से इंटरनेट सेवाओं को बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
नवीन खंडूड़ी, बलवंत सिंह और नंदा सिंह आदि ने बताया कि दस दिन से पोस्ट ऑफिस में ब्रॉडबैंड सेवा ठप होने से क्षेत्र के दर्जनों ग्राम पंचायतों के उपभोक्ताओं का लेन-देन, आरडी, रजिस्ट्री आदि कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आदिबदरी पोस्ट ऑफिस के डाकपाल राकेश नेगी ने बताया कि कई बार दूर संचार विभाग के अधिकारियों से इंटरनेट सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए कहा गया था, लेकिन 10 दिन बाद भी समस्या नहीं सुलझी। दूरसंचार विभाग के एसडीओ आरएन यादव ने कहा कि दूरसंचार केबिल के कटने से आदिबदरी पोस्ट ऑफिस में इंटरनेट सेवाएं बाधित हैं। शुक्रवार तक दूरसंचार सेवाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
कोटी क्षेत्र में दूरसंचार सेवा ठप
कर्णप्रयाग। कोटी क्षेत्र में 20 दिनों से दूरसंचार सेवा ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। ज्येष्ठ प्रमुख गौतम सिंह मिंगवाल ने बताया कि जेंटा, त्रिकोट, कोटी, घतोड़ा, ग्वालखेत, रिखवाड़ी, पैंखोली, मटियाला आदि गांवों में किसी भी कंपनी का नेटवर्क काम नहीं कर रहा है। सिग्नल नहीं आने से फोन पर परिचितों की कुशलक्षेम नहीं पूछ पा रहे हैं। ग्रामीणों ने कोटी क्षेत्र में मोबाइल टावर लगाने और दूरसंचार सेवा बहाल करने की मांग उठाई। बीएसएनएल के एसडीओ रामानंद यादव ने कहा कि टावर की केबिल कटी है और लाइन में फाल्ट आया है। कर्मचारी फॉल्ट खोजने में लगे हैं। कोटी क्षेत्र के गांवों में जल्द दूरसंचार सेवा बहाल हो जाएगी।