गौचर। उत्तराखंड वन पंचायत सलाहकार समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि सरकार ने वन पंचायत का बुनियादी ढांचा खड़ा करने की पहल शुरू कर दी है। वन पंचायतों के गठन में महिलाओं की भागीदारी जरूरी है।
धनपुर रेंज के वन विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करते हुए अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि अभी तक वन पंचायतों के गठन में महिलाओं की भागीदारी न के बराबर है और वन विभाग की तरह वन पंचायतों का कोई ढांचा नहीं होने के कारण वन पंचायतें सशक्त नहीं हो पाई हैं। वन पंचायत स्तर पर फायर वॉचर की नियुक्ति की जाएगी और रेंज स्तर पर मोटिवेटरों को नियुक्त कर वन पंचायतों की आम बैठक में वन विभाग के रेंजर से लेकर डीएफओ स्तर के अधिकारियों की भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर सभासद अनिल नेगी, देवेंद्र नेगी और युद्धवीर खत्री आदि थे।