चिन्यालीसौड़/नौगांव। जंगल की आग से जसपुर गांव के बिजोरी तोक क्षेत्र में एक छानी और गोशाला जल गई। आग से एक बैल झुलस गया और वहां रखा सारा समान जल गया। गनीमत रही दोपहर को बारिश हो गई और आग बुझ गई नहीं तो यह अन्य क्षेत्रों में भी फैल जाती। वहीं खनाटी गांव में आग से पांच मवेशी जिंदा जलकर मर गए।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे जसपुर गांव के बिजोरी तोक स्थित एक छानी के ऊपर जलता हुआ पेड़ गिर गया। इससे भवन स्वामी सब्बल सिंह का बैल झुलस गया जबकि उसकी छानी जल गई। इसी बीच एक अन्य ग्रामीण एलम सिंह की गोशाला तक भी जंगल की आग पहुंच गई। ग्रामीणों के कुछ कर पाने से पहले ही पूरी गोशाल और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि दोपहर को बारिश होने से जंगल की आग बुझ गई। गांव के प्रधान चक्रेश लाल ने बताया कि दोनों ही घटनाओं में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।
नौगांव। खनाटी गांव निवासी कल्याण सिंह के मवेशी सिविल सोयम के जंगल में ज्ञामियां तोक में चरने गए थे। इस क्षेत्र के जंगल में लगी आग तेज हवाओं के साथ फैल कर यहां चर रहे मवेशियों तक पहुंच गई और आग से दो गाय, दो बैल और एक बछड़ा जलकर मर गए, जबकि बछिया आग से झुलस गई। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व उपनिरीक्षक डामटा सरदार राणा ने बताया कि इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है। वन क्षेत्राधिकारी साधु लाल ने बताया कि यह घटना सिविल क्षेत्र की है। घटना स्थल वन क्षेत्र से करीब तीन किमी दूर है। उन्होंने भी घटना स्थल का मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है।
हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से तीन हेक्टेयर जंगल जला
जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे के समीप जोगीधारा के समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से अचानक चीड़ के जंगलों में आग भड़क गई। जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन क्षेत्राधिकारी धीरेश चंद्र बिष्ट 16 वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वन कर्मी भी आग को काबू नहीं कर पाए। देर शाम तक आग जंगल के ऊंचाई वाले क्षेत्र में पहुंच गई थी। आग लगने से लगभग तीन हेक्टेयर जंगल राख हो गया है। वन क्षेत्राधिकारी धीरेश चंद्र बिष्ट ने बताया कि हाईटेंशन लाइन से आग की चिंगारी पिरूल पर गिरने के बाद आग लगी है। जल्द ही आग को काबू कर लिया जाएगा।