कर्णप्रयाग। जय श्री राम रामलीला कमेटी अपर बाजार कर्णप्रयाग में आयोजित रामलीला मंचन के सातवें दिन आयोजकों ने पवन पुत्र हनुमान दर्शन की भव्य झांकी निकाली। इस दौरान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हनुमान की पूजा-अर्चना और 56 भोग अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। रामलीला मंचन के दौरान राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने रामलीला के अतिरिक्त मंच के निर्माण के लिए सांसद निधि से 5 लाख देने की घोषणा की। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सरदार संत सिंह, बीकेटीसी के सदस्य अरुण मैठाणी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष हरिकृष्ण भट्ट, राजेश जोशी, सुभाष गैरोला आदि मौजूद थे। वहीं गैंथी गांव में आयोजित रामलीला मंचन के तीसरे दिन श्री राम ने शिव धनुष को खंडित कर जनक नंदनी सीता का वरण किया। देवाल में पवन पुत्र हनुमान दर्शन की लीला का मंचन किया गया। इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, केडी मिश्रा, कपूर मिश्रा आदि मौजूद थे। जबकि बमोथ, सिमली, जाख, सैनू, खाल गांवों में आयोजित रामलीला मंचन में कलाकारों के अभिनयों ने दर्शकों सराहा।