कर्णप्रयाग। ब्लॉक के कपीरी और चांदपुर पट्टी के दर्जनों गांवों को सड़क सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से सिमली-डिम्मर मोटर मार्ग पर 9.50 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन मोटर पुल का निर्माण कार्य दो माह से बंद होने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेश डिमरी, पूर्व प्रधान शैलेंद्र प्रसाद, सावित्री देवी, नरेश चंद्र खंडूड़ी आदि ने बताया कि सिमली के पिंडर नदी के तट पर मोटर सेतु के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 9.50 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य का जिम्मा लोनिवि गौचर को दिया था, लेकिन दो माह से मोटर पुल का निर्माण बंद है। बताया कि निर्माण कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करने के संबंध में डीएम, मुख्य विकास अधिकारी, विधायक सहित विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया गया था। तब शासन और प्रशासन ने ईई को निर्देशित भी किया था। फिर भी काम बंद पड़ा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द निर्माण कार्य को शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। लोनिवि गौचर के अधिशाषी अभियंता एमएस रावत ने बताया कि सिमली-डिम्मर मोटर सेतु का निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।