कर्णप्रयाग। नौटी गांव में आयोजित रामलीला मंचन के सातवें दिन आयोजकों ने हनुमान दर्शन की भव्य झांकी निकाली। मंचन को देखने नंदाधाम नौटी में पहुंचे ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती का ग्रामीणों ने स्वागत किया। शंकराचार्य ने कहा कि राम का चरित्र हर मानव के लिए अनुकरणीय है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अरुण मैठाणी ने कहा कि शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती के आशीर्वाद से क्षेत्र के लोग गौरवान्वित है। इस मौके पर जोशीमठ के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, ग्राम प्रधान विनोद चौहान, कनिष्ठ उप प्रमुख सुभाष रावत आदि मौजूद थे। वहीं कर्णप्रयाग अपर बाजार में जय श्री राम रामलीला कमेटी, खाल गांव और देवाल बाजार में आयोजित रामलीला मंचन के तीसरे दिन श्री राम ने शिव धनुष को तोड़कर सीता का वरण किया। इस मौके पर अध्यक्ष हरिकृष्ण भट्ट, पालिकाध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, सभासद ममता डिमरी, नवीन नवानी, अरविंद गुर्साइं, राजेश जोशी खाल गांव के रामलीला मंडली के अध्यक्ष चंडी प्रसाद बैंजवाल, हिमांशु बैंजवाल, बासुदेव खाली, नवल खाली आदि थे।