बदरीनाथ। बदरीनाथ मार्ग पर हुई एक कार दुर्घटना में हरियाणा के एक श्रद्धालु की मौत हो गई और तीन लोग घायल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
शुक्रवार तड़के बदरीनाथ धाम से लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालुओं की कार बदरीनाथ से चार किमी आगे रड़ाग बैंड के समीप अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। सूचना पर बदरीनाथ पुलिस व एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। बदरीनाथ थानाध्यक्ष सतेंद्र नेगी ने बताया कि दुर्घटना में रविंद्र जॉन (40) पुत्र रणधीर निवासी लोहा माजरा बहादुरगढ़ झज्जर हरियाणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनेश (34) पत्नी रविंद्र, मिलंद्र (30) पुत्र करन निवासी गुड़गांव व धीरज (20) पुत्र मीर सिंह निवासी रावली हरियाणा घायल हो गए। तीनों घायलों को 108 की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ लाया गया। डाक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष सतेंद्र ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।