गैरसैंण। ब्लॉक के खंसर घाटी में गुलदार से ग्रामीण दहशत में हैं। बुधवार को बछुवाबाण तल्ला गांव के निवासी अमर सिंह की गोशाला के बाहर बंधी गाय को गुलदार ने मार डाला। पशुपालक अमर सिंह ने बताया कि सुबह चार बजे गाय को गोशाला के बाहर बांधकर घर चले गए थे। पांच बजे जब गोशाला में आए तो गुलदार गाय को मार चुका था। अवतार सिंह पुंडीर, शैन सिंह, प्रेम सिंह और राकेश उप्रेती आदि ने वन विभाग के अधिकारियों से पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने और गुलदार से निजात दिलाने की मांग की। वन बीट अधिकारी मुकेश रावत ने बताया कि मामले की जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।