गोपेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के परिणाम में चमोली जिले की बेटियाें ने बेटों को पछाड़ा है। जिले की 11 छात्राओं ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की राज्य मेरिट सूची में स्थान बनाया है। दोनों परीक्षाओं में जिला टॉपर भी बेटियां ही हैं। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में जीजीआईसी थराली की छात्रा वर्तिका पुरोहित व इंटरमीडिएट में जीजीआईसी गौचर की छात्रा अंजना ने जिले में टॉप किया है।
चमोली जिले में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 80.82 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 62.22 रहा। परीक्षा में 988 छात्राएं प्रथम श्रेणी में पास हुई हैं जबकि 731 छात्र ही प्रथम श्रेणी में पास हुए हैं। इंटरमीडिएट परीक्षा में भी छात्राएं छात्रों से आगे हैं। 86.59 फीसदी छात्राएं परीक्षा में उत्तीर्ण हुई हैं, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.58 है। प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं की संख्या 839 है जबकि 621 छात्र प्रथम आए हैं।