जोशीमठ। जोशीमठ तहसील कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर बदरीनाथ धाम में वीआईपी ड्यूटी भी बीकेटीसी के कर्मचारियों से करवाने की मांग उठाई। कहा गया कि बदरीनाथ धाम में यात्राकाल में वीआईपी आते हैं, जिनके दर्शनों और रहने की व्यवस्था के लिए तहसील कर्मचारियों को लगा दिया जाता है। इससे तीर्थयात्रियों के हुजूम के बीच वीआईपी को दर्शन करवाने में दिक्कतें आती हैं, लिहाजा बीकेटीसी कर्मचारी ही वीआईपी ड्यूटी को अच्छे ढंग से निभा सकते हैं। कहा गया कि बदरीनाथ धाम में बृहस्पतिवार को एसडीएम और सीईओ के बीच उपजे विवाद के बाद बीकेटीसी के कर्मचारियों का व्यवहार चिंताजनक रहा। ज्ञापन देने वालों में विमल बिष्ट, पुरुषोत्तम गुसांई, विजयपाल, जगमोहन, जगदीश पंत, हीरामणि, मातबर खत्री, टीका प्रसाद पुरोहित आदि के मौजूद थे।