पोखरी। ग्राम पंचायत सरमोला के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय सरमोला में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस संबंध में उपखंड शिक्षा अधिकारी डा. भास्करानंद बेवनी को ज्ञापन सौंपा।
पीटीए अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष डा. मातबर रावत, दिगंबर सिंह, धन सिंह, पुष्कर सिंह, सुरेश लाल, प्रभा देवी, प्रेमलता और दयाल लाल का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय सरमोला में 40 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्रों की पढ़ाई का जिम्मा एक शिक्षा मित्र के भरोसे है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों की संख्या कम और शिक्षक ज्यादा हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक होने के बावजूद शिक्षकों की कमी बनी है। उन्होंने शीघ्र विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। इधर, उपखंड शिक्षा अधिकारी डा. भास्करानंद बेवनी ने विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती का आश्वासन दिया।