चंबा/नरेंद्रनगर। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर आत्मघाती हमले के विरोध में मंगलवार को चंबा और नरेंद्रनगर बाजार बंद रहे। चंबा में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर पाकिस्तान का पुतला फूंका। इसके बाद शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
मंगलवार को चंबा में व्यापारियों, कांग्रेसियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने रैली निकालकर पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष सुमना रमोला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, शीशपाल तडिय़ाल, नरेंद्रचंद रमोला, साब सिंह सजवाण, विक्रम पंवार, राजेश्वर बडोनी, जेपी नौटियाल आदि मौजूद थे। उधर नरेंद्रनगर में भी पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने दोपहर दो बजे तक बाजार पूरी तरह से बंद रखा। व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि आतंकवाद से जूझ रहे देशों को एकजुट होकर पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश चांदपुरी, नरेंद्र कुमार श्याम वेदी, पुरुषोत्तम लाल डंग और निदेश कर्णवाल आदि मौजूद थे।
देवप्रयाग में ब्लाक मुख्यालय हिंडोलाखाल में पूर्व सैनिक संगठन, व्यापार मंडल व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पुलवामा व राजौरी में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर पाकिस्तान विरोधी नारों के साथ मुख्य बाजार में जुलूस निकाला और पाकिस्तान का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कश्मीर में धारा 370 समाप्त करने और पाकिस्तान का गुणगान करने वालों के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। साथ ही प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा किए जाने के लिए 21 हजार की धनराशि भी एकत्रित की गई। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख जयपाल सिंह, मकान सिंह चौहान, हुकुम सिंह, प्रेम सिंह, राम सिंह, विजय सिंह असवाल, मोर सिंह, पूर्ण सिंह व बीना देवी आदि मौजूद थे।
कैंडल मार्च निकाला
गैरसैंण। गैरसैंण के दूरस्थ गांव स्यूंणी मल्ली के भूतपूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने पुलवामा में हुई घटना पर शोक जताया और कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने केंद्र सरकार से जवानों की शहादत का बदला लेने की मांग की। श्रद्धांजलि देने वालों में ग्राम प्रधान लीला देवी, जसवंत सिंह बिष्ट, जमन सिंह बिष्ट, ध्यान सिंह बिष्ट, देवेंद्र बली, राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह, जशोदा देवी, गीता देवी, कुंवर सिंह, जसपाल, सुमति, हीरा, विजय सिंह, उमेद और सौरभ आदि मौजूद थे।
शहीदों के परिजनों को एक दिन का वेतन देंगे शिक्षक
गोपेश्वर। उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों और संघ के पदाधिकारियों का एक दिन का वेतन पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिजनों को देने का निर्णय लिया है। संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी, जिला मंत्री मुकेश सिंह नेगी और कोषाध्यक्ष महिपाल सिंह चौहान ने कहा कि आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराई जाएगी। उन्होंने सरकार से इस मामले में कठोर कदम उठाने की अपील भी की।
मौन जुलूस निकालकर द श्रद्धांजलि
ऊखीमठ। बाल विकास परियोजना ब्लाक आंगनबाड़ी संगठन ने शहीद जवानों को मौन जुलूस निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शहीदों के परिवारों को मदद के तौर पर अपना एक दिन का मानदेय देने की बात भी कही। संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता भट्ट व ब्लाक अध्यक्ष सुरेशी रावत के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभागीय कार्यालय से मुख्य बाजार होते हुए तहसील परिसर तक शहीदों के सम्मान में मौन जुलूस निकाला। इसके बाद स्मारक पर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर कैंडल भी जलाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अपना एक दिन का मानदेय शहीद परिवारों को सहयोग के रूप में देंगे। इस अवसर पर सीमा नेगी, संतोषी नेगी, दिक्की राणा, सीमा बिष्ट, माधुरी देवी, रुकमा देवी, ऊषा भट्ट, शर्मिला देवी, संगीता आदि मौजूद थे।
शहीदों की याद में रोपे 42 पौधे
रुद्रप्रयाग। पुलवामा में शहीद हुए 42 जवानों की याद में पर्यावरण प्रेमी शिक्षक सत्येंद्र भंडारी ने पत्नी व अन्य लोगों के साथ कोठगी गांव के त्रिफला वन में 42 पौधे रोपे। साथ ही इन पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सत्येंद्र भंडारी ने पत्नी अनीता देवी, पुत्री ऋतु, नीतू और पुत्र आयुष के साथ शहीदों के सम्मान में हरड़, बहेड़ा, आंवला, तेजपत्ता के पौधे रोपे। भंडारी ने बताया कि जहां पर पौधों का रोपण किया गया है, उस स्थान को शहीद स्मृति वाटिका नाम दिया गया है। इन पौधों के संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस मौके पर आरती मिंगवाल, वर्षा मिंगवाल, दीक्षा रौतेला, खेमराज सहित अन्य मौजूद थे।