- 72 व्यावसायिक सिलिंडर भी किए वितरित, ग्रामीणाें और होटल स्वामियों काे मिली राहत
गोपेश्वर। दशाेली विकासखंड के आपदा प्रभावित कौंज पोथनी गांव में शुक्रवार को लंबे इंतजार के बाद घरेलू गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया। गैस एजेंसी गोपेश्वर की ओर से क्षेत्र में 135 घरेलू गैस सिलिंडर वितरित किए गए। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं, गोपेश्वर और चमोली नगर क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट में 72 व्यावसायिक सिलिंडरों का वितरण भी किया गया। काैंज-पोथनी क्षेत्र में पिछले डेढ़ माह से रसोई गैस की सप्लाई न होने से ग्रामीणों के सम्मुख गैस का संकट खड़ा हो गया था। ग्रामीण कई बार अपनी समस्या को लेकर जिलाधिकारी से भी मिले। क्षेत्र में कहीं रसोई गैस का वितरण न होने से ग्रामीण लकड़ी के चूल्हे में खाना पकाने को मजबूर हो गए थे। शुक्रवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर गैस एजेंसी गोपेश्वर की ओर से क्षेत्र में 135 घरेलू और होटल व रेस्टोरेंट में 72 व्यावसायिक सिलिंडरों का वितरण किया गया। एजेंसी के प्रबंधक संजय रावत ने बताया कि कौंज-पोथनी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया है। क्षेत्र में 135 सिलिंडर बांटे गए हैं। कहा कि कुजौं-मेकोट क्षेत्र में भी आपूर्ति कर दी गई है। व्यावसायिक सिलिंडरों का भी होटल स्वामियों की डिमांड पर वितरण किया जा रहा है।