गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में सोमवार को अतिक्रमण को लेकर जोशीमठ तहसील और बदरीनाथ नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन की टीम ने देश के अंतिम गांव माणा, भीम पुल के साथ ही बदरीनाथ बाजार में जगह-जगह अतिक्रमण ध्वस्त किया। आज भी अतिक्रमण ध्वस्तीकरण का काम जारी रहेगा।
सोमवार को दिनभर धाम में अतिक्रमण ध्वस्तीकरण का काम चलता रहा। 22 अप्रैल को बदरीनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया और पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। बदरीनाथ में जगह-जगह हो रहे निर्माण कार्यों को देख डीएम ने नगर पंचायत और जोशीमठ तहसील प्रशासन को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले धाम में हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए थे। तब से यहां अतिक्रमण चिह्निकरण का काम चल रहा था। सोमवार को प्रशासन की टीम ने बदरीनाथ धाम में बस स्टैंड से लेकर देश की अंतिम चाय की दुकान तक अतिक्रमण ध्वस्त किया। भीम पुल के समीप सतोपंथ जाने के रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि बदरीनाथ धाम में अतिक्रमण पूरी तरह से हटा दिया जाएगा।