कर्णप्रयाग। कपीरी पट्टी के छांतेश्वर में आयोजित पर्यटन सांस्कृतिक एवं विकास मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मेले में लोक जागृति विकास संस्था कर्णप्रयाग के लोक कलाकारों, स्कूली बच्चों तथा युवक और महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक तथा धार्मिक कार्यक्रम सराहनीय रहे। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सिद्धपीठ छांतेश्वर महादेव के दर्शन कर पंचद्रव्यों से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
मेले के समापन पर मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने कहा कि इन धार्मिक और सांस्कृतिक मेलों से ही हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवंत है। उन्होंने राज्य सरकार से देवभूमि में होने वाले मेलों को समुचित सहयोग देने की बात पर जोर दिया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक जागृति विकास संस्था कर्णप्रयाग की ओर से पैता सार ह्वेग्ये उमा तेरो ये जमाण..., नंदा तेरी जात पैटण लगिग्ये..., छांतेश्वर महादेव तेरा दर्शन करी ओला..., जै बदरी विशाल..., बेटी को मोल बड़ो अनमोल... आदि गीतों ने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। स्कूली बच्चों और युवक तथा महिला मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम सराहनीय रहे। मेला समिति के संरक्षक राजेंद्र सिंह नेगी ने मेले के सफल संचालन के लिए सबका आभार जताया। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष नीलम जुयाल, महामंत्री राकेश नेगी, उपाध्यक्ष देवेंद्र भंडारी और प्रबंधक खेमराज भंडारी आदि मौजूद रहे।