गैरसैंण/आदिबदरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के आवेदन राजस्व उपनिरीक्षक चौकियों में जमा किए जा रहे हैं। आवेदन जमा करने के लिए इन दिनों पटवारी चौकियों में भीड़ लगी हुई है। अब तक यहां सम्मान निधि के लिए 2254 लोगों ने आवेदन किया है। योजना के नोडल अधिकारी नवीन गोनियाल ने बताया कि सभी पटवारी चौकियों में सम्मान निधि के आवेदन जमा किए जा रहे हैं। साथ ही कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। उधर आदिबदरी तहसील में खाता खतौनी की नकल लेने व राजस्व उप निरीक्षक की चौकी पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के आवेदन पत्र जमा करने के लिए भारी भीड़ रही है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां पहुंच रहे हैं।