गोपेश्वर। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। यात्रा मार्ग पर हरिद्वार से लेकर घांघरिया (गोविंदधाम) तक के गुरुद्वारों की सजावट की जा रही है। गोविंदघाट में निशुल्क भंडारे के लिए सेवादारों की ओर से चीनी, तेल, आटा, दाल, चावल के साथ ही अन्य खाद्य वस्तुओं का भंडारण किया जा रहा है। गोविंदघाट गुरुद्वारे में पंजाब के राणा शुगर मिल की ओर से भंडारे के लिए 1100 क्विंटल चीनी भेजी गई है। अन्य सेवादारों की ओर से भी भंडारे के लिए सामग्री भेजी जा रही है।
हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा प्रतिवर्ष 25 मई से शुरू होती है, लेकिन इस वर्ष हेमकुंड साहिब और यात्रा मार्ग पर बर्फबारी अधिक होने से गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से एक जून को हेमकुंड के कपाट खोलने का निर्णय लिया गया है। चार माह तक चलने वाली हेमकुंड यात्रा के संचालन के लिए यात्रा मार्ग के गुरुद्वारों में तैयारियां चल रही हैं। गोविंदघाट गुरुद्वारे में सेवादारों की ओर से इन दिनों प्रसाद तैयार किया जा रहा है। हेमकुंड साहिब मार्ग पर घांघरिया से आगे सेना के जवानों की ओर से इन दिनों बर्फ हटाने का काम चल रहा है। घांघरिया में 25 महिला और 25 पुरुष शौचालय बनाए गए हैं। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर बदरीनाथ हाईवे से लेकर गुरुद्वारों में निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जाता है।
महिलाओं के लिए सेनेटरी नैपकीन की व्यवस्था
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर पहुंचने वाली महिला तीर्थयात्रियों को सेनेटरी नैपकीन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए कमेटी यात्रा रूट के सभी गुरुद्वारों के पास एक स्टॉल लगाया जाएगा। हेमकुंड साहिब के प्रवेश द्वार गोविंदघाट और गोविंदधाम (घांघरिया) में दो एमबीबीएस महिला डॉक्टर और महिला फार्मेसिस्ट की तैनाती भी की जाएगी।
अटलाकुड़ी से हेमकुंड साहिब तक नहीं चलेंगे घोड़े-खच्चर
हेमकुंड साहिब में अभी भी करीब दस फीट बर्फ है। सेना के जवानों की ओर से बर्फ के बीच पैदल रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। अटलाकुड़ी से हेमकुंड साहिब तक तीन किलोमीटर के पैदल आस्था पथ पर अत्यधिक बर्फ होने के कारण यहां घोड़े-खच्चरों की आवाजाही नहीं होगी। लिहाजा सभी तीर्थयात्रियों को यहां पैदल आवाजाही ही करनी पड़ेगी।
यात्रा मार्ग पर पॉलिथीन प्रतिबंधित
हेमकुंड यात्रा मार्ग पर गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक इस बार पॉलिथीन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड साहिब से लेकर सभी गुरुद्वारों में पॉलिथीन पर प्रतिबंध रहेगा। बरसात में तीर्थयात्रियों को कपड़े के रेनकोट उपलब्ध कराए जाएंगे। गोविंदघाट से घांघरिया तक दुकानें संचालित करने वाले व्यवसायियों को पॉलिथीन का उपयोग न करने को कहा जाएगा।