बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने मास्टर प्लान के कार्य मार्च माह से शुरू करने और यात्रा शुरू होने से पहले अधिकांश कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि यात्रा से पहले क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को भी ठीक कर लिया जाए।
बैठक में लोनिवि पीआईयू (प्रोजेक्ट इंप्लीमेंशन यूनिट) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने बताया कि धाम में बर्फबारी के कारण इन दिनों काम रोका गया है। डीएम ने बर्फ कम होने पर युद्ध स्तर पर कार्य शुरू करने, पीआईयू और जल संस्थान को यात्रा सीजन से पहले धाम में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन ठीक करने के लिए आगणन तैयार करते हुए अभी से जरूरी सामग्री की व्यवस्था करने को कहा। एसडीएम ज्योतिर्मठ को बदरीनाथ धाम में भूमि हस्तांतरण संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। ईई योगेश मनराल ने बताया कि धाम में सिविक एमिनिटी सेंटर और टीआईसी का काम 95 प्रतिशत, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत जी सेक्शन में 70 प्रतिशत काम हो चुका है। तीर्थपुरोहित आवास के चार ब्लॉक मई माह तक पूरे करने का लक्ष्य रखा है। बैठक में आईएनआई के प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश कुमार और बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित आदि मौजूद रहे।