घर से बृहस्पतिवार शाम निकला था, आत्महत्या मान रही पुलिस
बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के सैंज निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ताकुला मोटर मार्ग से नीचे खाई में मिला। पुलिस आत्महत्या मान रही है।
माल गांव अल्मोड़ा हाल सैंज निवासी आनंद सिंह बिष्ट बागेश्वर के बीईओ कार्यालय में तैनात हैं। शुक्रवार की सुबह उनके पुत्र शुभम सिंह (26) का शव बागेश्वर-ताकुला मोटर मार्ग पर गहरी खाई में पड़ा मिला। उसकी स्कूटी और चप्पल सड़क पर थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मूल गांव चले गए हैं।
इधर, कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि परिजनों के अनुसार शुभम अवसाद में था। बृहस्पतिवार की शाम वह घर से स्कूटी लेकर निकला, जिसके बाद घर नहीं लौटा। उसका फोन भी नहीं लग रहा था। सुबह खोजबीन के दौरान परिजनों को रोडवेज के निर्माणाधीन कार्यशाला के समीप सड़क किनारे उसकी स्कूटी खड़ी दिखी। वहीं पर उसकी चप्पलें भी पड़ी थीं। खोजबीन के बाद सड़क के करीब 200 मीटर नीचे खाई में उसका शव मिला। उन्होंने बताया कि युवक ने संभवत: खाई में छलांग लगा दी होगी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों की ओर से भी कोई तहरीर नहीं दी गई है। युवक ने बीएड किया था लेकिन उसके पास रोजगार नहीं था।