बागेश्वर/कपकोट। अल्मोड़ा एक्सचेंज में बुधवार को लगी आग से बीएसएनएल नहीं उबर सका है। इस कारण जिले में बीएसएनएल की सेवा पटरी पर नहीं लौटी है। जिला मुख्यालय के साथ ही कपकोट में बीएसएनएल की सेवा बाधित है। जिला मुख्यालय में फोन पर बात तो हो रही है लेकिन इंटरनेट काम नहीं कर रहा है। कपकोट में शुक्रवार से बीएसएनएल की सेवा ठप है। जिला मुख्यालय के नजदीक रवाईंखाल में बीएसएनएल के सिग्नल गायब हैं। बमराड़ी के ग्राम प्रधान मोहन नगरकोटी ने बताया कि रवाईंखाल में बीएसएनएल का टावर लगा है। पिछले कई दिनों से सिग्नल नहीं आ रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों के फोन शोपीस बनकर रह गए हैं। लोग अपने सगे संबंधियों से बात नहीं कर पा रहे हैं। सिग्नल न होने से स्कूली बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीण जगदीश नगरकोटी, दरवान सिंह, भगवत सिंह, आनंदी देवी ने टावर ठीक करने की मांग की है। बीएसएनएल के जेटीओ हेमंत जोशी ने बताया कि अल्मोड़ा एक्सचेंज में आग लगने के कारण रवाईंखाल में लगे टावर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है। उन्होंने बताया कि टावर को ठीक करने की कोशिश की जा रही है। शीघ्र ही तकनीकी खामी को दूर कर लिया जाएगा।