कपकोट (बागेश्वर)। हरसीला-पुड़कूनी मोटर मार्ग में चल रहे डामरीकरण के कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से कार्य में सुधार लाने की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती गढि़या ने बताया कि सड़क पर इन दिनों डामरीकरण का कार्य चल रहा है। काम की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण कई जगह डामर उखड़ने लगा है। कुछ जगहों पर सफाई नहीं होने से डामर के बीच में घास दिख रही है। बताया कि लगातार लोग उनसे काम सही नहीं होने की शिकायत कर रहे हैं। विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है। ग्रामीण धीरज गढि़या, उत्तम सिंह बघरी, धन सिंह बघरी, धरम सिंह दानू, रघुवर सिंह दानू, नंदन सिंह कोरंगा, नंदन सिंह गढ़िया आदि ने कहा कि अगर सड़क पर डामरीकरण सही तरीके से नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी के साथ आंदोलन किया जाएगा। लोनिवि के ईई अमित कुमार पटेल ने बताया कि एई निरंतर साइट पर जाकर कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। फिलहाल गुणवत्ता में कमी का मामला नहीं मिला है। हालांकि फिलहाल कार्य चल रहा है। अगर कहीं मानकों के अनुरूप कार्य नहीं मिला तो उसे ठीक करा दिया जाएगा।